हाथरस 04 सितम्बर । नगर पालिका के स्वच्छता अभियान के तहत कूड़ा उठाने के दौरान ट्रैक्टर चालक के साथ कुछ अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सियलखेड़ा किला गेट निवासी हर्ष ने बताया कि वह नगर पालिका में ठेकेदार के साथ ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करता है। डीएम के निर्देश पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत 27 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे वह कंचन नगर स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के सामने कूड़ा उठवा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। हर्ष के अनुसार, जब उसने गाली देने से मना किया तो आरोपितों ने डंडों और हाथ में पहने लोहे के कड़े से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में वह घायल होकर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़ा।
पीड़ित के मुताबिक, उसके साथ काम कर रहे सहयोगियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और उसे हमलावरों से बचाया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद सहयोगी हर्ष को थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








