हाथरस 04 सितम्बर । चंदपा थाना क्षेत्र के गांव कपूरा निवासी विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर दहेज में कार और नकदी की मांग करने तथा मांग पूरी न होने पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता प्राची शर्मा पत्नी रजत वशिष्ठ, पुत्री सुधीर कुमार समाधिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 14 दिसंबर 2024 को कासगंज के गणेश कॉलोनी, सोरों गेट निवासी रजत वशिष्ठ के साथ हुई थी। प्राची के अनुसार, शादी में उसके पिता ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 10 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 11 लाख रुपये नकद दिए गए थे। इसके अलावा आभूषण और अन्य सामान भी दिया गया।
आरोप है कि शादी के करीब एक माह बाद ही पति रजत, ससुर, सास, ननद और ननदोई दहेज कम मिलने का ताना देने लगे। पीड़िता का आरोप है कि सास को कैंसर होने की बात कहकर इलाज के नाम पर अतिरिक्त रुपये और कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट करने और दूसरी शादी करने की धमकी दिए जाने का आरोप है। प्राची ने आरोप लगाया कि 18 जुलाई 2025 को ससुरालियों ने उसके बाल पकड़कर उसे जीने से नीचे खींच दिया। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ने, मुंह पर मुक्के मारने और कान से कुंडल खींचने का भी आरोप है। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गई। जानकारी मिलने पर उसके पिता और भाई कासगंज पहुंचे और उसे मायके कपूरा ले आए।
पीड़िता के मुताबिक, बाद में पति ने माफी मांगकर उसे वापस ससुराल ले गया। आरोप है कि 20 अक्टूबर 2025 को उसके साथ फिर मारपीट की गई और मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसके अगले दिन यानी 21 अक्टूबर की रात करीब तीन बजे उसने अपने भाई को मैसेज कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे ससुराल से लेकर मायके आ गए। उस समय वह गर्भवती थी। प्राची ने बताया कि 26 अक्टूबर 2025 को महिला थाने में तहरीर दी गई थी। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन आरोप है कि पति इसके बाद काउंसलिंग में आना बंद हो गया। अब पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








