Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 सितम्बर । क्षेत्र के गांव रमनपुर में महामाई चामुंडा देवी मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी पाताल गिरी महाराज ने कुछ लोगों पर मजदूरों के साथ मंदिर परिसर की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित रूप से कब्जा करने आए लोग वहां से फरार हो गए। पुजारी पाताल गिरी महाराज के अनुसार, शुक्रवार को कुछ लोग मजदूरों को साथ लेकर मंदिर परिसर की जमीन पर पहुंचे थे। उन्हें आशंका हुई कि उक्त लोग जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुजारी का कहना है कि मंदिर की जमीन से जुड़े पुश्तैनी पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, यह जमीन रमनपुर के स्थानीय लोगों की थी, जिसे उनके बुजुर्गों ने महामाई चामुंडा देवी मंदिर के लिए दान किया था। तब से इस भूमि का उपयोग गौशाला, देवी मंदिर की सेवा तथा धार्मिक कार्यों के लिए किए जाने का दावा किया जा रहा है।

पाताल गिरी महाराज ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कथित फर्जी बैनामे के कागजात के आधार पर मंदिर की जमीन पर अपना अधिकार जताने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जमीन से संबंधित दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने और यदि दस्तावेज फर्जी पाए जाएं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। जमीन से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और कागजात के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन पर कब्जे की कोशिश के आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page