Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 सितम्बर। आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शहर के कई स्कूलों में उत्सव मनाया गया। नन्हे बच्चे कहीं कान्हा बनकर पहुंचे तो कहीं बच्चियां राधा और गोपियों के रूप में नजर आईं। बच्चों की सुंदर वेशभूषा, भक्ति गीतों और दही हांडी के कार्यक्रमों से स्कूल परिसर कृष्ण भक्ति से भर गए। बचपन प्ले स्कूल सादाबाद में जन्माष्टमी का उत्सव खुशी से मनाया गया। नन्हीं बच्चियां राधा और छोटे बच्चे कान्हा के सुंदर श्रृंगार में सजे दिखे। कार्यक्रम में दही हांडी प्रतियोगिता खास रही। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़कर कान्हा की माखन मस्ती को जीवंत कर दिया। दही हांडी फूटते ही पूरा परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। बच्चों ने कृष्ण भजनों और भक्ति गीतों पर जमकर डांस किया। उनकी प्यारी अदाओं और उत्साह ने मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों का मन खुश कर दिया। श्रीमती रामश्री देवी कन्या इंटर कॉलेज और एसआरडी पब्लिक स्कूल, गौतम नगर में भी जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मना। नन्हे-मुन्ने बच्चों और छात्र-छात्राओं ने राधा, कृष्ण और गोपियों का रूप धारण कर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों की कला और कार्यक्रमों ने सभी का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में गोविंदा बने बच्चों ने दही हांडी फोड़ने का शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने भी उत्साह के साथ मटकी फोड़ी। इस दौरान स्कूल परिसर में कृष्ण भजनों और जयकारों से माहौल भक्ति से भर गया। विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्या ने बच्चों की तारीफ की, उन्हें इनाम दिए और आशीर्वाद भी दिया। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे। जन्माष्टमी उत्सव ने बच्चों में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति उत्साह बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page