Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 सितम्बर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में एवं जनपद न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की सचिव अनु चौधरी के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में वृद्धाश्रम, नगला भूस, हाथरस में पराविधिक स्वयं सेवक (पीएलवी) ओमप्रकाश सारस्वत द्वारा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पीएलवी ओमप्रकाश सारस्वत ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि यदि किसी वृद्धजन को वृद्धावस्था पेंशन अथवा विधवा पेंशन से संबंधित किसी प्रकार की समस्या हो तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकता है अथवा पराविधिक स्वयं सेवकों को अपनी समस्या बता सकता है। संबंधित प्रार्थना पत्र को प्राधिकरण के कार्यालय तक पहुंचाकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को अपने भरण-पोषण के लिए अपने बच्चों से सहायता प्राप्त करने का कानूनी अधिकार है। इसके साथ ही सरकारी अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बैंक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर वृद्धजनों की सुविधा के लिए अलग काउंटर एवं सुविधाएं उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा और देखभाल करना केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना चाहिए। वृद्धाश्रम की अधीक्षिका ने भी वृद्धजनों की सेवा एवं देखभाल के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर वृद्धाश्रम का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।

सरकारी योजनाओं और राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता

इसके अतिरिक्त 3 सितंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के निर्देशानुसार ब्लॉक हसायन एवं सीमेक्स इंटर कॉलेज, सासनी में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बाल सेवा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में पात्र लोगों को जानकारी दी गई। वहीं राष्ट्रीय पोषण सप्ताह (1 से 7 सितंबर) के दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में पोषण के महत्व को लेकर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में 12 सितंबर को जनपद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। पीएलवी द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण किया जाता है तथा पात्र मामलों में नियमानुसार छूट एवं सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के त्वरित निस्तारण का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। जागरूकता कार्यक्रमों में पीएलवी अजब सिंह, चित्र सिंह एवं साबह सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page