Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 सितंबर। जनपद के विकास पुरुष एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय की चौथी पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव बामौली स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धा और भावुक माहौल में मनाई गई। पुण्यतिथि कार्यक्रम में हाथरस सहित आसपास के जनपदों से हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुबह से ही समाधि स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और देर तक श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ जुटी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हवन-पूजन से हुई। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को याद किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए प्रसादी वितरण भी किया गया।

बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और राजनेता
स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रमुख राजनेताओं, जनप्रतिनिधियों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री सुरेंद्र दिलेर, पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, सांसद अनूप प्रधान, विधायक अंजुला माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल, विधायक अनिल पाराशर, विधायक राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक हरि शंकर माहौर, पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, केके दीक्षित, गिरीश पचौरी, राकेश शर्मा, पूनम पांडे, राजू लाला, रूपाली दीक्षित, पूर्व विधायक काली चरण सुमन, अलीगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल, प्रधान रवि गौतम, राजवीर शर्मा, संध्या आर्य, शकुंतला गौतम, बॉबी दीक्षित, भूरा गौतम एवं राकेश पचौरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पति की स्मृतियों को याद कर भावुक हुईं सीमा उपाध्याय
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया, जब स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय अपने पति को याद करते हुए कई बार भावुक नजर आईं। उनकी आंखों से छलके आंसुओं को देखकर वहां मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक भी भावुक हो उठे। सीमा उपाध्याय ने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर अपने दिवंगत पति को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ मौजूद परिवारजनों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय से जुड़ी यादों और उनके जनसेवा के कार्यों की चर्चा होती रही।

जनता के दिलों में आज भी जिंदा हैं रामवीर उपाध्याय
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय ने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास और आमजन के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। वक्ताओं ने कहा कि रामवीर उपाध्याय का जनता से सीधा और आत्मीय जुड़ाव था। यही कारण है कि उनके निधन के चार वर्ष बाद भी उनकी पुण्यतिथि पर हजारों लोगों का एकत्रित होना उनके प्रति लोगों के सम्मान और आत्मीय लगाव को दर्शाता है।

नम आंखों से कार्यकर्ताओं ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
समाधि स्थल पर पहुंचे पुराने कार्यकर्ता अपने नेता को याद कर भावुक दिखाई दिए। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि रामवीर उपाध्याय के साथ बिताया समय और उनके साथ जुड़ी यादें आज भी उनके मन में ताजा हैं। लोगों ने पुष्प अर्पित कर उनके अधूरे सपनों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। बामौली में आयोजित यह पुण्यतिथि कार्यक्रम केवल एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय के प्रति लोगों के सम्मान, स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। हजारों की भीड़, बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और नम आंखों से श्रद्धांजलि देते कार्यकर्ता पूरे दिन चर्चा का विषय रहे। कार्यक्रम के अंत में परिवार की ओर से पुण्यतिथि में शामिल होने पहुंचे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page