
नई दिल्ली 01 सितम्बर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है, हालांकि उनका अंतिम रूप से खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा टी20 17 सितंबर 2026 को आयोजित होगा। इस तरह तीन मैचों की पूरी सीरीज महज पांच दिनों के भीतर समाप्त हो जाएगी। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में क्रिकेट संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। जून 2026 में भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जबकि जनवरी 2024 में दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज हुई थी। बीसीसीआई द्वारा घोषित टीम में चार खिलाड़ियों का खेलना फिलहाल निश्चित नहीं है। नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन इन सभी की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों का भी संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है। विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और ईशान किशन को टीम में जगह मिली है, जबकि अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह भी टीम का हिस्सा हैं।
रिंकू सिंह को नहीं मिला मौका
अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित टीम में मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को जगह नहीं मिली है। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी रिंकू को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। दूसरी ओर, महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर टीम में मौका देकर चयनकर्ताओं ने युवा प्रतिभा पर भरोसा जताया है। संजू सैमसन की वापसी भी टीम की खास बातों में शामिल है।
एशियाई खेलों से पहले अहम होगी सीरीज
अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली यह टी20 सीरीज भारतीय टीम के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि सितंबर के अंत में भारत को एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। भारत एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगा। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों के लिए एशियाई खेलों से पहले अपनी तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा। खिलाड़ी का खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।













