Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 सितम्बर। जनपद में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हाथरस पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में एसओजी टीम और थाना कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए किला खाई गौशाला के पास से पांच शातिर अंतर्जनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवम माहौर पुत्र जयप्रकाश निवासी लाल डिग्गी, थाना कोतवाली नगर, हाथरस, सादाव पुत्र सलीम मीरासी निवासी काशीराम कॉलोनी जलेसर रोड, हाथरस, अंकित पुत्र चन्द्रपाल कुशवाह निवासी मोहल्ला ऊंटगाड़ी, हाथरस, संकेत वाल्मीकि पुत्र नवीन निवासी मोहल्ला कर्र, हाथरस तथा हुसैन अल्वी पुत्र पप्पू निवासी तरफरा, हाथरस के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक पिछले करीब तीन से चार माह से हाथरस जनपद में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। घटनाओं के प्रभावी अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया और एसओजी टीम को भी लगाया गया। पुलिस टीमों ने यूपी-112 से वाहन चोरी की घटनाओं से संबंधित डाटा प्राप्त कर उसका गहन विश्लेषण किया। जिन स्थानों से अधिक संख्या में मोटरसाइकिल चोरी होने की जानकारी सामने आई, उन्हें गूगल मैप के माध्यम से चिह्नित करते हुए एक समन्वित हॉटस्पॉट मैप तैयार किया गया। इसके बाद चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में थाना कोतवाली नगर पुलिस एवं एसओजी टीम को निगरानी और सघन चेकिंग के लिए लगाया गया। लगातार सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और चेकिंग के आधार पर पुलिस टीम वाहन चोर गिरोह तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने कथित रूप से बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें किला खाई क्षेत्र में छिपा देते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को खोलकर उनके अलग-अलग पुर्जे निकाल लिए जाते थे और उन्हें कबाड़ में बेच दिया जाता था। पुर्जों की बिक्री से प्राप्त धनराशि को आरोपी अपने निजी एवं घरेलू खर्चों में इस्तेमाल करते थे। पुलिस द्वारा बरामद 12 वाहनों के संबंध में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद वाहनों में आई-स्मार्ट, एसएफ शाइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर, एवेंजर, अपाचे, सुपर स्प्लेंडर, टीवीएस स्पोर्ट, स्प्लेंडर, पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार एक हीरो होंडा स्प्लेंडर पर अंकित नंबर की जांच करने पर उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर अलग पाया गया। इस संबंध में भी पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है। पांचों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 386/2026, धारा 303(2)/317(2)/317(5)/318(4)/112 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page