
सादाबाद 28 अगस्त । थाना क्षेत्र के गांव नगला ठाड़ा में शुक्रवार को लकड़ी काटने गए एक युवक को सांप ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन और ग्रामीण उसे उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गांव नगला ठाड़ा निवासी मनोज (25) पुत्र नाहर सिंह भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया कि उसके घर में खाना बनाने के लिए चूल्हे का इस्तेमाल होता है और इसके लिए उसे लकड़ी काटकर लानी पड़ती थी। पड़ोसी सागर के अनुसार, शुक्रवार को मनोज अपने घर के पीछे लकड़ी काटने गया था। वह लकड़ी काट रहा था, तभी अचानक सांप ने उसे डंस लिया। सांप के डंसते ही मनोज चीख पड़ा और कुछ ही देर में अचेत होकर जमीन पर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन-फानन में मनोज को उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ घर ले गए।











