सादाबाद 28 अगस्त । सहपऊ पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई नियमित गश्त के दौरान की, जिसमें मैनपुरी से चोरी हुई एक बाइक भी बरामद की गई है।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि कोतवाली सहपऊ पुलिस बृहस्पतिवार रात को गश्त पर थी। रात करीब साढ़े नौ बजे एसआई रामवीर सिंह अपने दल के साथ सादाबाद-जलेसर मार्ग पर थरौरा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान, दो युवक एक बाइक पर आए। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं होने के कारण पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान सुमित कुमार और महाराज सिंह निवासी गांव परौंख, कोतवाली मैनपुरी के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि यह बाइक उन्होंने मैनपुरी से चोरी की थी। कोतवाली सहपऊ में युवकों की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।











