
हाथरस 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हाथरस पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। बाजारों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान बहनों और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देना तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। महिला एवं बालिका सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी रोमियो स्क्वायड को भी सक्रिय किया गया है। टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख स्थलों पर लगातार भ्रमण कर निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी नजर रख रहे हैं।
बच्चियों के साथ पुलिसकर्मियों ने मनाया रक्षाबंधन
रक्षाबंधन के अवसर पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ मानवीय पहल भी की। पुलिसकर्मियों ने छोटी बच्चियों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा करते हुए उन्हें चॉकलेट और उपहार सामग्री वितरित की तथा पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बच्चियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षित और खुशहाल रहने का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल से बच्चियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
यातायात नियमों के पालन की अपील
हाथरस पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रक्षाबंधन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और अनावश्यक रूप से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील भी की गई है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना के अनुरूप हाथरस पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन के बीच आत्मीयता, अपनत्व और भरोसे का संदेश देने का प्रयास कर रही है।














