
हाथरस 25 अगस्त। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव कैमार में कांवड़ यात्रा पर चलने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित धारा सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। धारा सिंह के मुताबिक, 23 अगस्त की दोपहर वह अपने घर के पास स्थित मंदिर के समीप खड़ा था। इसी दौरान गांव मीर, थाना राया, जनपद मथुरा निवासी राजकुमार, सौरभ और शिवम वहां पहुंचे और उसे कांवड़ लेने चलने के लिए कहने लगे। धारा सिंह ने कांवड़ यात्रा पर जाने से मना किया तो आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर पीड़ित का भाई कैलाश और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर चंदपा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपों की जांच के साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।












