Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 अगस्त। कोतवाली चंदपा क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मीतई बाईपास के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और गिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक भी हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान डीजल टंकी फटने से सड़क पर डीजल फैल गया, हालांकि गनीमत रही कि आग नहीं लगी। ट्रैक्टर-ट्राली में सीमेंट लदा हुआ था। जानकारी के अनुसार मीतई निवासी अजय कुशवाहा मजदूरों को लेकर अलीगढ़ की ओर से नगला भुस जा रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर शादाब और शमशाद निवासी छर्रा, अलीगढ़ भी आगे बढ़ रहे थे। बताया गया कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से गिट्टी से भरा डंपर आ गया। दोनों भारी वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में खाली डंपर गिट्टी वाले डंपर के केबिन को चीरता हुआ उसकी डीजल टंकी में जा घुसा, जिससे टंकी फट गई और बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया।

हादसे के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक भी आपस में भिड़ गए। दुर्घटना में बाइक सवार शादाब, शमशाद और डंपर चालक रामवीर समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर यातायात बाधित होने से जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही चंदपा पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हाथरस भेजा गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। डीजल सड़क पर फैलने के कारण किसी बड़ी आगजनी की आशंका बनी रही, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page