
हाथरस 03 अगस्त । आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने ब्रज क्षेत्र की नई क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी ने अपनी नई टीम का गठन किया है। नई कार्यसमिति में कई नए और पुराने चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ पदाधिकारियों को पदोन्नति भी दी गई है। ब्रज क्षेत्र की नई टीम में 10 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 10 मंत्री और 13 सदस्य शामिल किए गए हैं। टीम में हाथरस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। शरद माहेश्वरी को क्षेत्रीय टीम में स्थान मिलने की जानकारी सामने आते ही हाथरस के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। भाजपा की नई क्षेत्रीय टीम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन में अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाते हुए पार्टी ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी टीम को और मजबूत करने का प्रयास किया है।











