
हाथरस 24 अगस्त । मथुरा रोड स्थित आशीर्वाद गार्डन कॉलोनी के लोग पिछले कई महीनों से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे थे। सड़क की खस्ता हालत के चलते कॉलोनीवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और बारिश के दिनों में स्थिति और भी नारकीय हो जाती थी। कॉलोनीवासियों ने सड़क की समस्या को लेकर कई बार पालिका प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगाई। लोगों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग भी उठाई, लेकिन लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। आखिरकार जब सरकारी तंत्र से कोई राहत नहीं मिली तो कॉलोनीवासियों ने खुद ही सड़क बनवाने का निर्णय लिया। इसके लिए प्रत्येक घर से 5-5 हजार रुपये का चंदा एकत्र किया गया और जुटाई गई धनराशि से सड़क का निर्माण कराया गया।
सड़क निर्माण के बाद अब कॉलोनीवासियों को आवागमन में काफी राहत मिली है। लोगों का कहना है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ा, जो जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में प्रशासन इस सड़क की नियमित देखरेख और मरम्मत की व्यवस्था करेगा, ताकि उन्हें दोबारा ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। आशीर्वाद गार्डन के लोगों की यह पहल जहां एक ओर उनकी एकजुटता और समस्या के समाधान के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी खड़ा करती है कि आखिर सरकारी व्यवस्था के बावजूद लोगों को अपनी सड़क खुद क्यों बनवानी पड़ी?













