
हाथरस 23 अगस्त । ग्राम कलवारी में संविदा बिजलीकर्मी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुलदीप पुत्र सत्यवीर सिंह 33/11 केवी उपकेंद्र गिजरौली ग्रामीण पर संविदाकर्मी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने कोतवाली सदर थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि 21 अगस्त की शाम करीब 4:12 बजे वह उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सरकारी कार्य निपटाकर ग्राम कलवारी से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कलवारी निवासी आशू पुत्र करुआ ने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। आरोपियों ने दोबारा क्षेत्र में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के मुताबिक वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकल सके। कुलदीप ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार उनका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दे चुके हैं, जिसकी शिकायत पूर्व में नजदीकी पुलिस चौकी पर की गई थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













