
हाथरस 20 अगस्त । शहर के नयागंज स्थित स्टेशनरी कारोबारी की दुकान और आवास से भारी मात्रा में सिक्के बरामद होने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को कारोबारी नवीन कुमार को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि पिछले दिनों प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नयागंज स्थित कारोबारी की दुकान तथा हनुमान गली स्थित आवास पर एक साथ छापेमारी की थी। करीब एक घंटे चली कार्रवाई के दौरान आवास से 90 कट्टे और दुकान से 10 कट्टे सिक्के बरामद किए गए थे। प्रशासन के अनुसार प्रत्येक कट्टे का वजन करीब 60 से 70 किलोग्राम था। बरामद सिक्कों में पांच और 10 रुपये मूल्य के सिक्कों की संख्या सबसे अधिक बताई गई थी। बड़ी मात्रा में सिक्के बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में अभियोग भी पंजीकृत किया था। कोतवाल सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि मामले की जांच के सिलसिले में कारोबारी नवीन कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।












