हाथरस (मुरसान) 20 अगस्त । थाना क्षेत्र के गांव खोकिया में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक महिला के साथ लाठी-डंडों और ईंट से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ कोतवाली मुरसान में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव खोकिया निवासी शिवानी पुत्री मूलचंद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 19 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे पड़ोस में रहने वाले पांच लोग उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों और ईंट से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार मारपीट के दौरान उसके सिर और जीभ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे आरोपितों से बचाया। आरोप है कि मौके से जाते समय आरोपितों ने उसे भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली मुरसान पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









