Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 20 अगस्त । थाना क्षेत्र के गांव सेनपुर के निकट बुधवार शाम कार रोककर एक महिला से सोने की चेन और दो अंगूठियां लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुरसान पुलिस ने तीन नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरतिया निवासी विजयवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अगस्त की शाम करीब छह बजे उनकी बेटी कृष्णा अपनी छोटी बहन चेतना तथा देवर प्रदीप और रोहित निवासी सोगरवार, थाना कुम्हेर, जिला भरतपुर के साथ कार से ससुराल से मायके सुरतिया आ रही थी।

तहरीर के अनुसार सेनपुर वाले बाग के मोड़ के पास दो युवक पहले से खड़े थे। इसी दौरान दो अन्य युवक बाइक से पीछे से आए और कार के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि कार रुकते ही युवकों ने लोहे की रॉड से कार पर हमला कर दिया। इसके बाद कृष्णा के देवर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने कृष्णा के गले में पहनी सोने की चेन और हाथों में पहनी दो सोने की अंगूठियां लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। विजयवीर के मुताबिक, खेत में काम कर रहे गांव के सोनवीर सिंह ने आरोपियों को भागते हुए देखा और उनकी पहचान की। वहीं कृष्णा और चेतना ने भी तीन आरोपियों की पहचान किए जाने की बात कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रमेन्द्र और राहुल पुत्रगण सोहनलाल निवासी सुरतिया तथा विष्णु पुत्र कीर्तिपाल निवासी सेनपुर को नामजद किया है, जबकि एक आरोपी अज्ञात बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page