Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अगस्त। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत मीजिल्स-रूबैला (एमआर) अभियान का शुभारंभ मंगलवार को ब्लॉक हसायन के प्राथमिक विद्यालय भैकुरी में किया गया। अभियान 18 से 28 अगस्त तक चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.आई. आलम ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक जेएसआई सतेन्द्र कुमार, बीपीएम नितान्त यादव, एएनएम प्रतिभा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री विमला एवं चन्द्रकला, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान पूरी तरह स्कूल आधारित रहेगा। इसके तहत कक्षा एक से पांच तक के स्कूल जाने वाले उन सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन से आच्छादित किया जाएगा, जो प्रथम चरण में टीकाकरण से छूट गए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर अन्य दिवसों में विद्यालयों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। टीकाकरण के बाद सभी बच्चों की जानकारी भारत सरकार के यू-विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके माध्यम से लाभार्थी द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि एमआर वैक्सीन सुरक्षित है और इसके माध्यम से बच्चों में खसरा एवं रूबैला वायरस से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। उन्होंने जनपद के सभी स्कूल प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अभियान में सहयोग करने तथा टीकाकरण से छूटे सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन लगवाने की अपील की। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ सुपरवाइजरों एवं टीकाकरण कर्मियों के माध्यम से विद्यालयों में टीकाकरण से एक दिन पूर्व सूचना एवं समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही छूटे हुए सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन से आच्छादित कराने और सभी स्कूली टीकाकरण सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page