Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अगस्त। विकासखंड सिकंदराराऊ के सभागार कक्ष में 18 अगस्त को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने की। उन्होंने एनआरएलएम की जानकारी देते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराने के साथ-साथ घर, परिवार और कार्यक्षेत्र के आसपास के बच्चों को टीवी और मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से दूर रखते हुए अच्छे संस्कार देने की अपील की। सहायक विकास अधिकारी पंचायत जी.के. तौमर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास मोरध्वज उपाध्याय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने गांवों में 10-10 पात्र महिलाओं को एकत्रित कर समूह बनाने की कार्रवाई करने और इसकी जानकारी विकासखंड स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा।

महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 और घरेलू हिंसा सहित महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना है। इस दौरान 1098 और 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्पना दुबे ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सुरभि और डॉ. मीनू यादव, महिला कल्याण विभाग से ज्योति तौमर, सीमा गौतम और कैलाश चंद्र सहित सिकंदराराऊ विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page