
हाथरस 18 अगस्त। गांव सुल्तानपुर में आज सुबह एक घर में करीब चार फुट लंबा कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। गांव सुल्तानपुर निवासी अहमद अली के परिवार के सदस्य सुबह अपने घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान घर के एक कोने में करीब चार फुट लंबा कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने सांप को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटा। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग की टीम सांप को रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। वन अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर बिलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में क्षेत्र में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।












