Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अगस्त। मुरसान क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे जीडी इंटर कॉलेज के छात्र पर तीन युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 13 अगस्त दोपहर को कोटा-पदू तिराहे के पास हुई। हमले में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के पिता पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार उनका बेटा प्रिंस कोटा से पदू की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार मंजीत शर्मा निवासी नगला नंदू, युगुल चौधरी और नागेश चौधरी निवासी नगला पदू ने कथित तौर पर मुंह बांधकर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि नाम पूछने के बाद तीनों ने छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे के पंचों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान मंजीत शर्मा ने अवैध तमंचे की बट से प्रिंस के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से प्रिंस लहूलुहान होकर बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन छात्र को उपचार के लिए ले गए। मामले में पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ ही नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page