
हाथरस 18 अगस्त। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई में दूध लेने जा रहे दो बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर एक बच्चे को घायल कर दिया। बच्चों को बचाने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मीतई निवासी बंटू पुत्र गुलाब सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त की शाम उनका बेटा रोनक और बेटी रोमी पास की दुकान से दूध लेने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें गांव का ही रोहित मिला, जो बच्चों के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि बच्चों द्वारा विरोध करने पर रोहित ने चाकू निकाल लिया और रोनक पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चों के शोर मचाने पर मीतई में रह रहे नगला भोजा निवासी महेश मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि रोहित ने महेश के साथ भी मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित होने लगे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि रोहित दबंग किस्म का व्यक्ति है और आए दिन लोगों के साथ मारपीट करता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल रोनक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस घटना के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है।












