Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अगस्त। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू कस्बे के पास रेलवे ट्रैक पर पिछले दिनों मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान मिरगामई निवासी 22 वर्षीय अनूप पुत्र तिलक सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने अनूप की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि अनूप राजमिस्त्री का काम करता था और अविवाहित था। वह 15 अगस्त की देर शाम घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके अगले दिन 16 अगस्त को हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में मेंडू कस्बे के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे। मंगलवार को अनूप के परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे। वहां शव को देखकर उन्होंने उसकी पहचान अनूप के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आशंका जताई कि अनूप की हत्या की गई है और घटना को हादसे का रूप देने या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page