
हाथरस 15 अगस्त। आज पुरुष वर्ग में 5 किलोमीटर तथा महिला वर्ग में 3 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी ने सुबह हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 60 और महिला वर्ग के 22 खिलाड़ियों सहित कुल 82 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दौड़ के उपरांत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने ध्वजारोहण किया तथा खिलाड़ियों को मिष्ठान वितरित किया गया। इसके बाद विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेमनाथ यादव, परियोजना निदेशक शिव प्रताप सिंह सहित विकास भवन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी, कर्मचारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंसार हुसैन, सूजी यादव, वर्षा रानी, सीमा सागर, असलम खान, सुभाष, हरिओम एवं ललित ने सहयोग किया। कार्यक्रम का आयोजन उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव के निर्देशन में किया गया।