
हाथरस 16 अगस्त । चावड़ गेट स्थित श्री रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज में रविवार को श्री अग्रवाल सभा हाथरस का द्विवार्षिक चुनाव संपन्न हुआ। सुबह से शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चला। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदान केंद्र पर दिनभर भीड़ लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। शाम 7 बजे मतगणना शुरू हुई और करीब एक घंटे बाद रात 8 बजे सभी प्रमुख पदों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर अनिल मित्तल चूरन वाले ने 513 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। राकेश बंसल दूसरे और दीनदयाल गोयल तीसरे स्थान पर रहे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेश अग्रवाल गारमेंट्स वालों ने 521 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। राजेश कुमार तायल दूसरे, अनूप अग्रवाल तीसरे और गौरव अग्रवाल चौथे स्थान पर रहे। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनीष मित्तल 476 मतों के साथ विजयी रहे, जबकि लोकेश अग्रवाल दूसरे स्थान पर रहे। महामंत्री पद पर मनोज कुमार अग्रवाल किराने वालों ने 429 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। प्रदीप बंसल दूसरे और मनोज बूटिया तीसरे स्थान पर रहे। मंत्री पद पर गौरव अग्रवाल ने 390 मतों के साथ विजय दर्ज की। गौरव तायल दूसरे और सुधीर मित्तल तीसरे स्थान पर रहे। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर संजय कुमार टालीवाल ने 627 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि श्यामलाल अग्रवाल दूसरे स्थान पर रहे। संयुक्त मंत्री पद पर मुकेश जालान निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया। अग्रवाल समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि चुनाव को लेकर प्रत्याशी कई दिनों से मतदाताओं के बीच जनसंपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए थे। मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।
चुनाव अधिकारी राम अवतार अग्रवाल एड, दीपेश अग्रवाल सर्राफ, देवेंद्र गोयल रंग वाले, राकेश बंसल हींग वाले और विजय कृष्ण गर्ग से ‘हमारा हाथरस’ को मिली जानकारी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने श्री दाऊ बाबा के दर्शन किए। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से चुनाव परिणाम की जानकारी सामने आते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया।










