
हाथरस 13 अगस्त। जनपद में 12 अगस्त से करीब दो माह तक HIV/AIDS को लेकर सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी की टीम द्वारा जिले के सभी ब्लॉकों के पंचायत क्षेत्रों, समुदायों, इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों और आमजन को HIV/AIDS से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को संक्रमण से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी जा रही है। जागरूकता कार्यक्रम में बताया जा रहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इंजेक्शन लगवाने की जरूरत पड़े तो हमेशा नई और इस्तेमाल न की गई सिरिंज का ही प्रयोग कराया जाए। रक्त की आवश्यकता होने पर सरकारी ब्लड बैंक से जांचा हुआ सुरक्षित रक्त ही लिया जाए। इसी तरह नाई की दुकान पर हजामत बनवाते समय नए ब्लेड का इस्तेमाल सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है। साथ ही HIV संक्रमण से बचाव के लिए असुरक्षित यौन संबंधों से बचने और यदि यौन संबंध बनाए जाएं तो कंडोम (निरोध) का प्रयोग करने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि HIV/AIDS से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। किसी भी तरह के जोखिम को नजरअंदाज करने से संक्रमण की आशंका बढ़ सकती है। लोगों से अपील की जा रही है कि बीमारी को छिपाने या शर्माने के बजाय समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें। जागरूकता अभियान में यह भी बताया जा रहा है कि यदि किसी व्यक्ति को यौनजनित रोग के लक्षण दिखाई दें तो वह उपचार और परामर्श के लिए बागला जिला चिकित्सालय के कमरा नंबर 13 और 14 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद के कमरा नंबर 7 में संपर्क कर सकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बीमारी को छिपाएं नहीं और बिना झिझक चिकित्सकीय सलाह लें।










