
हाथरस 12 अगस्त। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों और महिला बीट पुलिस की भूमिका के बारे में बताया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव को लेकर ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP साझा न करने के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। साइबर अपराध की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस, 108 सामान्य एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 101 अग्निशमन सेवा शामिल हैं। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। महिलाओं को बताया गया कि जनपद के सभी थानों में महिला हेल्पडेस्क स्थापित हैं, जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं की शिकायतें सुनी जाती हैं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की जाती है। इस दौरान हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, निर्भीक होकर शिक्षा ग्रहण करने तथा अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी एवं प्राइवेसी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। पुलिस ने एंटी रोमियो स्क्वायड की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि एंटी रोमियो टीमों द्वारा सादे वस्त्रों और निजी वाहनों से सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों के आसपास तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों को चिन्हित कर निगरानी और चेकिंग की जाती है। छेड़छाड़ एवं आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त शोहदों और मनचलों के खिलाफ हिदायत देने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की जाती है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से हाथरस पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया।









