
हाथरस 11 अगस्त। महिला थाना में एक विवाहिता ने अपने बीएसएफ जवान पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, स्त्रीधन हड़पने और बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए अभियोग पंजीकृत कराया है। पीड़िता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में इनोवा कार की मांग पूरी न होने पर उसे ससुराल से निकाल दिया गया। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। विजय नगर निवासी निधि सिंह पत्नी धर्मवीर सिंह ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी धर्मवीर पुत्र वीरपाल सिंह निवासी नगला भजना, मारहरा, एटा के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी में उनके परिवार ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे।
निधि का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति धर्मवीर, सास, ससुर, देवर और ननद दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में इनोवा कार की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उन्हें खाने-पीने को लेकर परेशान किया गया। पीड़िता के अनुसार, 28 फरवरी को ससुरालियों ने उनके मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर कथित तौर पर धमकी दी कि इनोवा कार देने पर ही उन्हें ससुराल में रखा जाएगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर उत्पीड़न जारी रहा। निधि ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को पति सहित सभी आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें केवल पहने हुए कपड़ों में मारुति वैन से विजय नगर चौराहे पर लाकर छोड़ दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने कहा कि इनोवा लेकर आने पर ही उन्हें वापस घर में रखा जाएगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन ससुरालियों ने अपने पास रख लिया। निधि के अनुसार, उनके पति धर्मवीर बीएसएफ में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने बिना तलाक लिए हरियाणा निवासी वीरपाल कौर से दूसरी शादी कर ली है और उसके साथ दो जुड़वा बच्चे भी हैं। आरोप है कि पति वर्तमान में दूसरी पत्नी के साथ रह रहा है और उसे न तो भरण-पोषण दे रहा है और न ही उनके बेटे की पढ़ाई का खर्च उठा रहा है। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से पति और ससुरालियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








