
हाथरस 11 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान 2026 के क्रम में शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिला खेल कार्यालय हाथरस एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से आज भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन पीबीएएस इंटर कॉलेज से अंबेडकर पार्क, अलीगढ़ रोड तक किया गया। रैली का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक रणवीर सिंह एवं उपक्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव मौजूद रहे। तिरंगा रैली में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी हाथरस के घोष दल ने अपनी प्रस्तुति से देशभक्ति का माहौल बनाते हुए रैली की अगुवाई की। एनसीसी कैडेट्स, स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस के खिलाड़ी एवं स्काउट्स तिरंगा हाथों में लेकर रैली में शामिल हुए। पीबीएएस इंटर कॉलेज, श्री रामबाग इंटर कॉलेज, श्री अक्रूर इंटर कॉलेज एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हाथरस के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रैली के दौरान यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए। इस अवसर पर जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा अतुल कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ल, डीओसी स्काउट धीरेन्द्र सिंह, एएनओ गोपाल सिंह, ज्ञानेन्द्र यादव, जितेन्द्र सिंह, बसंत सिंह सहित स्टेडियम स्टाफ से दीपा कश्यप, असलम खां तथा प्रशिक्षकों ने अपने खिलाड़ियों के साथ रैली में प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।











