
हाथरस 10 अगस्त। अलीगढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने रविवार देर रात विवाद हो गया । पनीर के ऑर्डर और उसकी कीमत को लेकर ग्राहक और रेस्टोरेंट कर्मचारियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार एक परिवार खाना खाने के लिए रेस्टोरेंट पर पहुंचा था। परिवार ने पनीर का ऑर्डर दे दिया। ग्राहक ने आरोप लगाया कि परोसा गया पनीर घटिया और नकली है तथा उसकी गुणवत्ता के हिसाब से अधिक कीमत मांगी जा रही है। इसी बात को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामला बढ़ने पर ग्राहक और दुकान कर्मचारी आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई। शोर सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया । इस संबंध में सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि रविवार रात की घटना की जानकारी पुलिस को मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर घटना की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








