Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अगस्त। ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम की ओर से राजयोगिनी बीके सीता दीदी के संरक्षण में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता एवं राष्ट्रीय प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्री रामचंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज और डीआरबी इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त जीवन का संकल्प कराया गया। श्री रामचंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1000 छात्राओं ने सहभागिता की। वहीं डीआरबी इंटर कॉलेज में भी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने तथा राजयोग और श्रेष्ठ चिंतन को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सच्चा आनंद नशे में नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और श्रेष्ठ कर्मों में है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके बाद बीके रश्मि बहन ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों से स्वयं दूर रहने के साथ समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। श्री रामचंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके रेनू बहन, लकी भाई एवं बीके सुमित भाई का विशेष सहयोग रहा। आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page