
हाथरस 18 अगस्त। जिले के होनहार क्रिकेटर तीरथ चौधरी ने यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण में एक बार फिर अपनी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते हुए तीरथ ने मेरठ मैवरिक्स के कप्तान और स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को क्लीन बोल्ड करने के साथ मुकाबले में तीन विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बॉलर के खिताब से नवाजा गया। लीग के शुरुआती मुकाबले में गोरखपुर लायंस का सामना मेरठ मैवरिक्स से हुआ। इस मुकाबले में तीरथ चौधरी ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। उनके स्पेल का सबसे खास पल तब आया, जब उन्होंने मेरठ मैवरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह को अपनी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके अलावा तीरथ ने दो अन्य विकेट भी हासिल किए और टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। तीरथ के इस प्रदर्शन की क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी चर्चा रही। उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते उन्हें मुकाबले का बेस्ट बॉलर चुना गया। इससे पहले भी तीरथ चौधरी यूपी टी-20 लीग के पिछले सीजन में गोरखपुर लायंस का हिस्सा रहे थे और उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। उनकी प्रतिभा और निरंतर बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए गोरखपुर लायंस प्रबंधन ने उन्हें चौथे संस्करण के लिए भी टीम में बरकरार रखा। हाथरस के तीरथ चौधरी के इस प्रदर्शन से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय स्तर से क्रिकेट का सफर शुरू कर टी-20 लीग में अपनी पहचान बना रहे तीरथ से आने वाले मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।












