हाथरस 08 अगस्त। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र में आज दोपहर जलेसर रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के इमलिया निवासी सत्येंद्र बाइक से गांव जलालपुर में अपनी बुआ के घर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, हादसा जलालपुर गांव से पहले जलेसर रोड पर दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को मोर्चरी भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।