Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ श्रद्धालुओं का हाथरस-मथुरा मार्ग पर हातिसा पुल के निकट नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा स्थापित कांवड़ कैंप पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कांवड़ श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। स्वागत के दौरान कांवड़ श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों द्वारा लगाए गए ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कांवड़ श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके निवास जनपद, यात्रा मार्ग और हाथरस में मार्गों एवं कांवड़ शिविरों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यह भी पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हुई। कांवड़ श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा के लिए मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने, अनावश्यक जल्दबाजी से बचने तथा सावधानी और अनुशासन के साथ यात्रा करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने भी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कांवड़ कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही पेयजल, भोजन, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं से कांवड़ श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए और उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page