Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन ने सभी कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से आवश्यक सावधानियों का पालन करने की अपील की है। उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट तहसील सदर ने श्रद्धालुओं से कहा है कि यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा को सुगम बनाएं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपने साथ वैध पहचान पत्र तथा अपने सगे-संबंधियों के मोबाइल नंबर रखने की अपील की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके। यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने तथा रात्रि विश्राम केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित कांवड़ कैंपों अथवा सड़क से हटकर सुरक्षित स्थानों पर ही करने को कहा गया है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा में प्रयुक्त डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा वाहनों की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने और न ही उसे प्रसारित करने की अपील की है। यात्रा के दौरान किसी भी विषम अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर निकटतम कांवड़ कैंप में तैनात कर्मचारी, पुलिस बल अथवा प्रशा सनिक अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करने को कहा गया है। जनपद प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि आपसी समन्वय और सावधानी से कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page