Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रादेशिक पुरस्कार योजना के तहत आवेदन मांगे गए हैं। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र रामेन्द्र कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत सेवा क्षेत्र की 12 श्रेणियों और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की 14 श्रेणियों में पात्र उद्यमियों का चयन किया जाएगा। पुरस्कारों का उद्देश्य नवाचार, गुणवत्ता, रोजगार सृजन और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट उद्यमों को सम्मानित और प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन करने वाले उद्यमियों को उत्पाद एवं प्रक्रिया का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराना होगा। इसके साथ ही विगत दो वर्षों के निर्यात का प्रमाण पत्र, जो सीए या बैंक द्वारा प्रमाणित हो, विगत दो वर्षों के टर्नओवर का सीए या बैंक द्वारा प्रमाणित प्रमाण पत्र, उद्यम पंजीकरण प्रमाण पत्र (यूआरसी), इकाई के किसी बैंक से डिफॉल्टर न होने संबंधी घोषणा पत्र तथा विगत दो वर्षों की बैलेंस शीट प्रस्तुत करनी होगी। इसके अतिरिक्त संबंधित इकाई के अनुसार आवश्यक अन्य प्रपत्र भी आवेदन के साथ जमा करने होंगे। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र उद्यमी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट msme.up.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, रावत कॉलोनी के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक संलग्नकों के साथ आवेदन 20 अगस्त तक कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page