
सिकंदराराऊ 06 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के चित्तरपुर गांव में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता रामदुलारी पत्नी वीरपाल सिंह ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि मोहल्ले के चंद्रवीर, नरेश और राघुवेंद्र उसके पति वीरपाल सिंह के साथ बिना वजह गाली-गलौज कर रहे थे। वीरपाल सिंह ने जब गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कृष्णा भी मौके पर पहुंच गया और चारों लोग हाथों में लाठी-डंडे व सरिया लेकर घर में घुस आए। पीड़िता के अनुसार आरोपितों ने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र कपिल और चंद्रशेखर को भी पीटा गया। मारपीट में परिवार के कई लोगों के चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।








