आठ लाख रुपये और कार की मांग, गर्भवती विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत छह के खिलाफ शिकायत

हाथरस 05 अगस्त। दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला रुकमणी नगर, इगलास रोड, थाना हाथरस गेट निवासी सना पुत्री मुज्जमिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 11 अक्टूबर 2025 को मथुरा के थाना गोविंदनगर क्षेत्र के डीग गेट नई बस्ती निवासी शाहरुख पुत्र हारुन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के बाद वह ससुराल चली गई और इसी दौरान गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति शराब के नशे में उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगा। वहीं सास चीना, ससुर हारुन, जेठ सोनू, ननद रेशमा और कल्लो उस पर अतिरिक्त दहेज में आठ लाख रुपये और चार पहिया कार लाने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर में नहीं रखने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर कई-कई दिन तक उसे भूखा-प्यासा रखने का भी आरोप लगाया है।
सना के अनुसार पति शराब के नशे में उस पर चाकू से हमला करता था और चोट लगने पर वीडियो भी बनाता था। उसने अपनी बहन संजना और माता-पिता को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग जारी रही। पीड़िता का आरोप है कि 10 फरवरी 2026 को सभी आरोपितों ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की और उसका स्त्रीधन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे केवल पहने हुए कपड़ों में वाहन से मायके लाया गया और गली के बाहर सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोप है कि जाते समय ससुराल पक्ष के लोगों ने धमकी दी कि दहेज लेकर ही वापस आना, वरना जान से मार देंगे। मौके पर मौजूद रहीस और शाहरुख आदि लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़िता को बचाया। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।








