
हाथरस 05 अगस्त। विकासखंड मुरसान के सभागार मेंआज ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी नरेंद्र शर्मा ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) का परिचय देते हुए सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करने पर जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को टीवी और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखते हुए उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने की अपील भी की।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत भीष्म नारायण सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने पर बल देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बाल श्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 तथा घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का आह्वान करते हुए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा की जानकारी भी दी। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चों को गोद लेने की वैधानिक प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं सुपरवाइजर शशिप्रभा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा तथा विकासखंड मुरसान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।








