
हाथरस 05 अगस्त। 15 सितंबर से शुरू होने वाले सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 115वें विशाल लक्खी राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज-2026 के भव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेला परिसर में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपजिलाधिकारी सदर को लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम सहित संबंधित विभागों से समन्वय कर समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम पूर्व अनुमति के बाद ही कराए जाएं और उनका निर्धारित कार्यक्रम कैलेंडर में शामिल होना आवश्यक है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मेले में प्रवेश और निकास के मार्ग अलग-अलग निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रियाएं समय से पूर्ण कराने, विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, उच्च क्षमता वाले जनरेटर स्थापित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पृथक चेंजओवर व्यवस्था विकसित करने को कहा। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर एवं मेला अधिकारी ने गत वर्ष मेले में की गई व्यवस्थाओं और इस वर्ष प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। मेले में दंगल, कवि सम्मेलन, संगीत सम्मेलन, मुशायरा, लाफ्टर शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेला परिसर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद एवं पंचायतीराज विभाग को दी गई है, जबकि पेयजल और जल निकासी की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा कराई जाएगी। इसके अलावा सड़कों की मरम्मत, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विद्युत सुरक्षा, बैरिकेडिंग तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों पर भी चर्चा हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











