
हाथरस 05 अगस्त। नगर पालिका क्षेत्र के ढकपुरा रोड पर पानी के लीकेज, जलभराव और जर्जर सड़क के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। क्षेत्रीय सभासद अजय राज ने बताया कि भूरापीर माया टॉकीज से ढकपुरा रोड तक कई स्थानों पर पानी के लीकेज के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। हाल ही में बारिश के दौरान नाले की पुलिया के पास एक ट्रक गड्ढे में फंस गया, जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया और काफी देर तक वाहन फंसे रहे। बाद में जेसीबी की मदद से ट्रक को गड्ढे से बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण भारी वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। सभासद अजय राज ने प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों से पानी के लीकेज को तत्काल ठीक कराने, जलभराव की समस्या दूर करने और जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।









