
हाथरस 05 अगस्त। एबीजी गुरुकुलम विद्यालय में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंट्राम्यूरल कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता एवं मुख्य अतिथि मज़हर उल कमर ने दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि मज़हर उल कमर एएमयू जिम्नेज़ियम के कोच एवं इंचार्ज (स्केटिंग, रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, योग एवं फिटनेस), संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ तथा सचिव जिला ओलंपिक संघ हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी भारत का गौरवशाली पारंपरिक खेल है। यह खेल शरीर को सशक्त बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में पहला मुकाबला कक्षा 7 एवं कक्षा 6 के बीच खेला गया, जिसमें कक्षा 7 ने 28-07 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। सीनियर वर्ग के दूसरे मुकाबले में कक्षा 9 एवं कक्षा 11 की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में कक्षा 9 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43-20 के स्कोर से जीत हासिल की। इसके बाद सीनियर वर्ग में कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोमांचक मुकाबले में कक्षा 12 ने 32-26 के स्कोर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत जूनियर वर्ग में कक्षा 7 एवं कक्षा 8 के बीच तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 एवं कक्षा 12 के बीच फाइनल मुकाबला प्रस्तावित था। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता ने विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दोनों फाइनल मुकाबले अगले दिन आयोजित कराने का निर्णय लिया। विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की तथा प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त खेल शिक्षकों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में मुख्य अतिथि मज़हर उल कमर एवं उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।





