Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 04 अगस्त। मजदूरी कर घर लौट रहे एक व्यक्ति पर हमले के छह महीने पुराने मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि उसे रास्ते में घेरकर लोहे की रॉड और प्लास से हमला कर घायल कर दिया गया था। पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के निर्देश पर सोमवार को तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यह घटना थाना सादाबाद क्षेत्र के नगला केशरी गांव की है। गांव निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र रघुवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके अनुसार, 2 जनवरी 2026 की रात लगभग आठ बजे जब वह मजदूरी कर घर लौट रहे थे, तभी गांव के कल्ला पुत्र हजारीलाल, बादल पुत्र दिनेश और कल्ला के साले प्रवीन निवासी टूंडला ने उन्हें रोक लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि कल्ला ने जान से मारने की धमकी देते हुए हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद प्रवीन ने जितेंद्र को पकड़ लिया, बादल ने लोहे के प्लास से उनके चेहरे पर वार किया, और कल्ला ने लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। शोर सुनकर जितेंद्र की मां चंद्रवती, ममता पत्नी होशियार सिंह और पुत्र गोलू मौके पर पहुंचे। आरोप है कि परिजनों को आता देख हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। बाद में पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। न्यायालय के आदेश के बाद थाना सादाबाद पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page