Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 03 अगस्त। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला बरी गांव में खेत में पानी काटने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर बुलाकर युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान युवक के पैर पर लोहे की रोड से हमला कर हड्डी तोड़ने का आरोप है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगला बरी निवासी जुगेंद्र सिंह उर्फ अरुण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने निजी खेत में बाजरा बो रखा है। आरोप है कि पड़ोसी रवि ने उसके खेत में पानी काट दिया, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि रवि ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जुगेंद्र के अनुसार, जब वह मामले की शिकायत करने रवि के घर पहुंचा तो रवि ने अपने परिवार के भूपेंद्र पुत्र भूरी सिंह, पूजा पत्नी रवि, भूरी सिंह और गीता पत्नी भूरी सिंह को बुला लिया।

तहरीर के मुताबिक, सभी आरोपितों ने एकराय होकर जुगेंद्र को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जुगेंद्र का छोटा भाई राजकुमार और उसकी पत्नी निधि उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने राजकुमार के पैर पर ट्रक की रोड से वार कर दिया, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई। वहीं निधि को जमीन पर पटककर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

शोर-शराबा सुनकर गांव के एदल, अमर सिंह, अमन सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान रवि ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page