Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अगस्त। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के कमला बाजार में बाइक सवार युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खंदारी गढ़ी निवासी सूरज सिंह गौतम ने तहरीर में बताया कि वह पूजा का सामान और अपने बेटे की दवा खरीदकर फोन से भुगतान करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि कमला बाजार स्थित मोमोज बाइट दुकान के सामने पीछे से विशाल वर्मा उर्फ मोहन वर्मा, उसकी पत्नी अंजलि दिनकर और साली सुरभि वर्मा, निवासी गढ़ हनुमान गली, ने उसकी बाइक में पीछे से दो बार टक्कर मार दी। तहरीर के अनुसार, सूरज ने जब इसका विरोध किया तो तीनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि विशाल वर्मा ने डंडे से उसके पैर पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद वह थाने पहुंचा, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसने यह भी आशंका जताई कि आरोपित उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा सकते हैं। सूरज के अनुसार, उसके पास घटना से संबंधित वीडियो भी मौजूद है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page