Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अगस्त। थाना कोतवाली मुरसान क्षेत्र के बघेल मोहल्ला, इगलास रोड में कृषि विवाद को लेकर एक महिला और उसके पति के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जेठ पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बघेल मोहल्ला निवासी प्रेमलता पत्नी सरजू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति सरजू का अपने जेठ शिव सिंह से कृषि को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते जेठ पक्ष के लोग आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करते हैं। पीड़िता के अनुसार, वह पास स्थित राम मंदिर से दीपक जलाकर अपने घर लौटी थीं। इसी दौरान आरोप है कि शिव सिंह, उसकी पत्नी भुवनेश, बेटे मनीष व संजू और बेटी विनीता घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शिव सिंह के हाथ में चाकू, मनीष के हाथ में डंडा और भुवनेश के हाथ में सरिया था, जबकि अन्य आरोपित भी डंडे लिए हुए थे। आरोप है कि मारपीट के दौरान बच्चों का गला दबाने का भी प्रयास किया गया, जिससे नवीन के पैर के अंगूठे में चोट आई। शोर सुनकर प्रेमलता के पति सरजू मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान चाकू लगने से उनके माथे पर गहरा घाव हो गया, जबकि सरजू की बाईं आंख में गंभीर चोट आई है। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़िता की शिकायत पर मुरसान पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page