
हाथरस 03 अगस्त। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत संचालित स्कूल आधारित टीडी/डीपीटी अभियान का शुभारंभ सोमवार को रामबाग इंटर कॉलेज, अलीगढ़ रोड हाथरस में किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कॉलेज प्रबंधन एवं शिक्षक मौजूद रहे। अभियान के दौरान निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को टीडी एवं डीपीटी की अतिरिक्त डोज से आच्छादित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 5 से 6 वर्ष आयु के बच्चों, जो संभावित रूप से कक्षा एक में अध्ययनरत हैं, को डीपीटी बूस्टर-2 की डोज दी जाएगी। वहीं 10 वर्ष आयु के बच्चों, संभावित कक्षा चार एवं पांच के विद्यार्थियों को टीडी-10 तथा 16 वर्ष आयु के बच्चों, संभावित कक्षा 10 एवं 11 के विद्यार्थियों को टीडी-16 की अतिरिक्त डोज लगाई जाएगी। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम ने कॉलेज प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से स्कूल आधारित टीडी/डीपीटी अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग के सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने में विद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर पुष्पेंद्र वीर सिंह, डीसी जेएसआई सत्येंद्र कुमार, डीसी पीसीआई सुशील कुमार सहित कॉलेज के प्रधानाचार्य, नोडल अध्यापक एवं अन्य शिक्षक मौजूद रहे।










