
हाथरस 03 जुलाई। आमजन की समस्याओं के ऑनलाइन निस्तारण के लिए संचालित आईजीआरएस जनसुनवाई-समाधान पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में हाथरस पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जुलाई 2026 में पीजी संदर्भ, मुख्यमंत्री संदर्भ, ऑनलाइन एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उनकी आख्या पोर्टल पर अपलोड कराने के परिणामस्वरूप जनपद को प्रदेश स्तर पर पहली रैंक प्राप्त हुई है। खास बात यह है कि जनपद के सभी थाने भी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के आधार पर प्रदेश स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नंबर-1 बने हुए हैं। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, जो आईजीआरएस के नोडल अधिकारी हैं, द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को आईजीआरएस संदर्भों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा थानों पर आने वाली शिकायतों का भी शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार के लिए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए थे कि शिकायतों का निस्तारण केवल कार्यालय स्तर पर न किया जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें। निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों द्वारा प्रतिदिन शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शिकायतों के निस्तारण की फोटो लोकेशन के साथ भी मंगाई गई, जिससे कार्रवाई की गुणवत्ता और मौके पर पहुंचकर किए गए निस्तारण की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आईजीआरएस फीडबैक सेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। फीडबैक सेल द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन कॉल अथवा ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर यह जानकारी ली गई कि उनकी शिकायत का निस्तारण संतोषजनक तरीके से हुआ है या नहीं। प्राप्त फीडबैक का आकलन कर संबंधित आंकड़े पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए गए और जहां आवश्यकता पड़ी, वहां समय से सुधारात्मक कार्रवाई भी कराई गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में सराहनीय कार्य करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस विभाग की इस उपलब्धि से आमजन की शिकायतों के समाधान के प्रति पुलिस की जवाबदेही और संवेदनशीलता को भी मजबूती मिली है।










